आधार कार्ड सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भारत में अनिवार्य केवाईसी दस्तावेज में से एक है। इसमें नागरिकों की महत्वपूर्ण विवरण जैसे कि पूरा नाम, स्थाई पता और जन्म तिथी, सभी एक यूनिक 12 अंकों की संख्या से जुड़े होते हैं, जिसे भारतीय विश्ष्टि पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) जारी करता है।
क्या है ब्लू आधार कार्ड।
2018 में, यूआईडीएआई ने 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए ‘बाल आधार कार्ड’ जारी किया था। वयस्कों के सफेद आधार कार्ड के उलट, यह नीले रंग का होता है। ब्लू आधार कार्ड में भी 12 अंकोंं की विश्ष्टि पहचान संख्या होती है।
कैसे बनती है बच्चों की यूआईडी?
ब्लू कार्ड में वयस्कों की तरह बायोमेट्रिक नहीं लिया जाता। बच्चे की विश्ष्टि पहचान संख्या (यूआईडी) माता-पिता की यूआईडी से जुड़ी जानकारीयों और चेहरे की तस्वीर के आधार पर बनाई जाती है।
बच्चे की उम्र 5 साल होने पर उसका बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है, वरना आधार कार्ड अमान्य हो जाएगा। 15 साल की उम्र में दूसरा बायोमेट्रिक अपडेट कराना भी अनिवार्य है।
जरूरी दस्तावेज।
यूआईडीएआई के अनुसार, माता-पिता नवजात शिशु के ‘बाल आधार’ यानि ब्लू कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। बच्चे के नामांकन के लिए वैध दस्तावेज के रूप में जन्म प्रमाण पत्र या अस्पताल की डिस्चार्ज स्लिप दिखा सकते हैं। इसके लिए बच्चों की स्कूल आईडी का भी उपयोग किया जा सकता है।
कैसे बनवाएं ब्लू आधार कार्ड।
- बच्चे के साथ आधार नामांकन केन्द्र पर जाए। अपने आधार कार्ड, अपने पते के प्रमाण और बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज ले जाना न भूलें।
- केंद्र से आधार नामांकन फॉर्म प्राप्त कर भरें तथा अपना आधार नंबर विवरण भरें। आपका आधार नंबर बच्चे की युआईडी के साथ लिंक किया जाएगा।
- अपना ऐक्टिव फोन नंबर दें, जिस पर कार्ड जारी किया जाएगा। किसी बायोमेट्रिक जानकारी की आवश्यकता नहीं है, नामांकन केंद्र पर केवल एक तस्वीर क्लिक होगी।
- फोटोग्राफी के बाद, दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया शुरू होगी। सत्यापन के बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाईल नंबर पर प्रक्रिया पूरी होने के बारे में एक मैसेज प्राप्त होगा।
- पावती पर्ची लेना न भूलें। सत्यापन पूरा होने के 60 दिनों के भीतर, आपके बच्चे के नाम पर ब्लू आधार कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
तारीख: 01/05/2022
लेखक: शत्रुंजय कुमार।